Wednesday , March , 12 , 2025

भाजपा विधायक दल की बैठक संपन्न, मुख्यमंत्री ने दिए अहम निर्देश

भाजपा विधायक दल की बैठक संपन्न, मुख्यमंत्री ने दिए अहम निर्देश

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में भाजपा विधायक दल की बैठक मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित की गई। बैठक में भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह और प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद जी शामिल हुए। बैठक में आगामी विकास योजनाओं, वन नेशन वन इलेक्शन के प्रचार-प्रसार और विपक्ष की रणनीति का मुकाबला करने पर विचार-विमर्श किया गया।

गेहूं खरीद पर सरकार का बड़ा फैसला

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घोषणा की कि भाजपा सरकार इस वर्ष गेहूं की खरीद 350 रुपए प्रति क्विंटल अधिक दर पर करेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनता से किए गए सभी वादों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।

विधानसभा क्षेत्रों में विजन डॉक्यूमेंट तैयार करने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने सभी विधायकों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए विजन डॉक्यूमेंट तैयार करें और उसे धरातल पर उतारकर नए कीर्तिमान स्थापित करें। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार मध्यप्रदेश को आत्मनिर्भर प्रदेश बनाने के लिए पूरी क्षमता से कार्य कर रही है।

"मध्यप्रदेश को देश का नंबर 1 राज्य बनाएं" - अजय जामवाल

भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने कहा कि मध्यप्रदेश को मॉडल प्रदेश बनाना है और इसे देश का नंबर 1 राज्य बनाने के लिए सभी जनप्रतिनिधियों को अपने-अपने क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने होंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता को वैचारिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाने की अपील की।

"वन नेशन, वन इलेक्शन को जन अभियान बनाएं" - विष्णुदत्त शर्मा

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने वन नेशन, वन इलेक्शन को देश की आवश्यकता बताते हुए कहा कि इसे आम जनता तक ले जाना चाहिए। उन्होंने विधायकों से कहा कि वे अपने क्षेत्रों में जाकर जिला पंचायत, जनपद पंचायत और नगर पंचायत स्तर पर सार्थक चर्चा करवाएं, ताकि जनता को इसके लाभों की जानकारी मिल सके।

"जीआईएस में 30.77 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव विकास की गारंटी" - डॉ. महेन्द्र सिंह

प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि हाल ही में संपन्न ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (GIS) में 30.77 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इससे स्पष्ट है कि मध्यप्रदेश देश का नया उद्योग केंद्र बनने की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि सत्ता और संगठन जब मिलकर कार्य करते हैं, तो विकास की गति दोगुनी हो जाती है।

"अटल जी के आदर्शों को आत्मसात करें" - हितानंद

प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने कहा कि भाजपा इस वर्ष पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी का जन्म शताब्दी वर्ष मना रही है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अटल जी के आदर्शों पर चलकर राष्ट्रहित में कार्य करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

विपक्ष के झूठे आरोपों का तथ्यों के साथ दें जवाब

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि विपक्ष झूठ और छलकपट की राजनीति कर रहा है, लेकिन भाजपा सरकार जनता को गुमराह नहीं होने देगी। सदन और जनता के बीच विपक्ष के मिथ्या आरोपों का तथ्यात्मक जवाब दिया जाएगा।

Sanju Suryawanshi

Sanju Suryawanshi

sanju.surywanshi1@gmail.com

Comments

Add Comment