Monday , April , 28 , 2025

कूनो नेशनल पार्क से खुशखबरी: चीता 'निर्वा' ने दिए 5 शावकों को जन्म, अब 29 चीतों की गूंज

कूनो नेशनल पार्क से खुशखबरी: चीता 'निर्वा' ने दिए 5 शावकों को जन्म, अब 29 चीतों की गूंज

श्योपुर। मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले स्थित कूनो नेशनल पार्क से एक बार फिर शानदार खबर आई है। मादा चीता 'निर्वा' ने 5 स्वस्थ शावकों को जन्म दिया है। इसके साथ ही कूनो में अब कुल शावकों की संख्या 19 हो गई है, जबकि कुल वयस्क और शावकों को मिलाकर चीतों की संख्या 29 पहुंच चुकी है। गौरतलब है कि गांधीसागर में मौजूद 2 चीते (पावक और प्रभाष) को मिलाकर अब भारत में चीतों की कुल संख्या 31 हो गई है।


कब और कैसे हुआ शावकों का जन्म?

मादा चीता निर्वा को 18 फरवरी 2023 को दक्षिण अफ्रीका से भारत लाया गया था।

वर्तमान में निर्वा कूनो के बड़े बाड़े में रह रही थी।

25 अप्रैल 2025 को निर्वा ने 5 शावकों को जन्म दिया, जिसकी पुष्टि पार्क अधिकारियों द्वारा रविवार को वीडियो फुटेज के आधार पर की गई।

इससे पहले, निर्वा ने गत वर्ष भी 2 शावकों को जन्म दिया था, परंतु दुर्भाग्यवश उनकी मृत्यु हो गई थी।


सीएम ने दी बधाई

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एक्स (पूर्व ट्विटर) के माध्यम से खुशी जाहिर की। सीएम मोहन यादव ने लिखा "कूनो में नए मेहमानों का स्वागत है… अत्यंत प्रसन्नता है कि कूनो राष्ट्रीय उद्यान में चीतों का कुनबा निरंतर बढ़ रहा है। हाल ही में 5 वर्षीय नीरवा ने 5 शावकों को जन्म दिया है। इन नन्हे शावकों का आगमन चीता प्रोजेक्ट की सफलता और भारत की समृद्ध जैव-विविधता का प्रतीक है। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन में वन्यजीव संरक्षण के लिए बनाया गया अनुकूल वातावरण आज समृद्ध हो रहा है। कुनो नेशनल पार्क की पूरी टीम, वन्यजीव विशेषज्ञों और संरक्षण में जुटे हर कर्मठ साथी को इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई!


कूनो नेशनल पार्क में अब कितने चीते हैं?

वयस्क चीते : 10

नवजात शावक : 19

कुल (कूनो) : 29

गांधीसागर (अन्य) : 2

भारत में कुल : 31


चीता पुनर्वास परियोजना का नया मील का पत्थर

कूनो नेशनल पार्क में चीता पुनर्वास परियोजना (Cheetah Reintroduction Project) भारत के लिए एक गौरव का विषय बन गया है। प्राकृतिक आवास में चीतों का सफल प्रजनन भारत की जैव विविधता के संरक्षण में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Sanju Suryawanshi

Sanju Suryawanshi

sanju.surywanshi1@gmail.com

Comments

Add Comment